CM मनोहर ने सिरसा व फतेहाबाद जिले का किया हवाई दौरा; बाढ़ से उत्पन्न हालातों का लिया जायजा, किसान नुकसान की क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दे जानकारी

Times Haryana, सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार बाढ़ राहत कार्यों और लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। वह खुद सिरसा और फतेहाबाद दोनों जिलों की हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। आपदा की स्थिति में सरकार पूरी तरह से जनता के साथ है। इस बाढ़ से लोगों को जो भी नुकसान हुआ है उसका आकलन कर मुआवजा दिया जायेगा.
किसान फसल क्षति का ब्योरा मुआवजा पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं। मुआवजा पोर्टल एक माह तक खुला रहेगा। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज यहां वायु सेना स्टेशन पर सिरसा और फतेहाबाद जिलों में बाढ़ की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद सिरसा और फतेहाबाद जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक में कही।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने और त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने यह भी कहा कि घग्गर का जलस्तर कम होने के बाद खेतों व आबादी क्षेत्रों में जमा पानी को पंप सेट आदि के माध्यम से जल्द से जल्द निकाला जाए।
सीएम ने दोनों जिलों के उपायुक्तों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, गांवों और ढाणियों में पानी की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि ग्रामीणों, किसानों के तेल आदि पर हुए खर्च की प्रतिपूर्ति की जाए.
सरकार द्वारा भेजी जाने वाली धनराशि भी पंचायतों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध करायी जाय। आबादी वाले क्षेत्रों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किये जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की.